CBSE 10th Second Board Exam 2026: सीबीएसई यानी केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने 10वीं के छात्रों के लिए एक बड़ी राहत वाली व्यवस्था शुरू की है। अगर किसी छात्र के नंबर कम आ जाते हैं या रिजल्ट उम्मीद के मुताबिक नहीं आता है, तो अब साल खराब करने की जरूरत नहीं होगी। बोर्ड ने मई 2026 में दूसरी बोर्ड परीक्षा कराने का शेड्यूल जारी कर दिया है। इस परीक्षा के जरिए छात्र अपने नंबर बढ़ा सकते हैं या कंपार्टमेंट की स्थिति में फिर से परीक्षा दे सकते हैं। पिछले कुछ समय से इस तरह के विकल्प की मांग भी की जा रही थी, जिसे अब लागू किया गया है। खास बात यह है कि फॉर्म भरने की प्रक्रिया 18 मार्च 2026 से शुरू हो चुकी है और छात्रों को समय पर आवेदन करना जरूरी होगा।
मई में होगी दूसरी परीक्षा, किन छात्रों को मिलेगा मौका
सीबीएसई के इस नए सिस्टम के तहत छात्र मई 2026 में होने वाली दूसरी बोर्ड परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। इसमें वे छात्र भाग ले सकते हैं जिनके नंबर कम आए हैं या जो अपने रिजल्ट से संतुष्ट नहीं हैं। इसके अलावा जिन छात्रों को कंपार्टमेंट मिला है, उन्हें भी इसमें शामिल होने का मौका मिलेगा। हालांकि यह परीक्षा सभी के लिए नहीं है, बल्कि उन्हीं छात्रों के लिए है जिन्होंने पहली मुख्य परीक्षा दी हो और निर्धारित शर्तों को पूरा करते हों। ऐसे छात्र जिन्होंने पहली परीक्षा में प्रतिभा नहीं किया है तो उन छात्रों को दूसरी परीक्षा में शामिल होने का मौका नहीं दिया जाएगा।
कितने विषयों में बढ़ा सकेंगे नंबर
बोर्ड ने साफ किया है कि छात्र इस परीक्षा में अधिकतम तीन विषयों में सुधार कर सकते हैं। इसमें साइंस, मैथ्स, सोशल साइंस और भाषा विषय शामिल हैं। यानी अगर किसी छात्र के एक या दो नहीं बल्कि तीन विषयों में भी नंबर कम हैं, तो वह तीनों में सुधार का मौका ले सकता है। गौरतलब है कि सिलेबस वही रहेगा जो मुख्य परीक्षा का था इसलिए अलग से तैयारी करने की जरूरत नहीं होगी। इससे छात्रों को अपनी मार्कशीट बेहतर करने का एक और मौका मिल जाएगा।
फॉर्म भरने के तीन चरण और जरूरी तारीखें
बता दें कि इस परीक्षा के लिए फॉर्म भरने की प्रक्रिया तीन चरणों में होगी। पहला चरण 18 मार्च 2026 से 31 मार्च 2026 तक है। दूसरा चरण मुख्य परीक्षा का रिजल्ट आने के अगले दिन से 5 दिन तक खुला रहेगा। तीसरा और आखिरी चरण रिजल्ट के 7वें दिन से 2 दिन तक चलेगा, लेकिन इसमें लेट फीस देनी होगी। ऐसे में छात्रों को सलाह है कि पहले या दूसरे चरण में ही आवेदन कर दें। साथ ही यह भी जरूरी है कि हर चरण की आखिरी तारीख रात 11:59 बजे तक ही मान्य होगी, इसलिए देरी बिल्कुल न करें।
फीस कितनी लगेगी और कैसे जमा होगी
जानकारी के मुताबिक, सीबीएसई ने इस परीक्षा के लिए भारत में ₹320 प्रति विषय फीस तय की है। अगर छात्र तीन विषयों में परीक्षा देता है तो कुल ₹960 फीस देनी होगी। वहीं तय समय के बाद यानी तीसरे चरण में फॉर्म भरने पर ₹2000 अतिरिक्त लेट फीस भी देनी होगी। फीस केवल ऑनलाइन माध्यम से ही जमा की जा सकेगी, इसलिए छात्र पहले से ऑनलाइन पेमेंट की व्यवस्था रखें।
आवेदन से पहले इन जरूरी बातों का रखें ध्यान
- छात्र सीधे खुद फॉर्म नहीं भर सकते, स्कूल के माध्यम से ही आवेदन करना होगा इसलिए समय रहते स्कूल से संपर्क करें।
- परीक्षा में बैठने के लिए पहली मुख्य परीक्षा देना जरूरी है, बिना मुख्य परीक्षा दिए इस मौके का फायदा नहीं उठाया जा सकता।
- परीक्षा सेंटर सीमित होंगे और सेंटर बदलने की सुविधा नहीं मिलेगी।
- सिलेबस मुख्य परीक्षा जैसा ही रहेगा, कोई बदलाव नहीं होगा।
- हर चरण की आखिरी तारीख रात 11:59 बजे तक ही मानी जाएगी।
सीबीएसई बोर्ड 10वीं के ऐसे सभी छात्र जिन्होंने पहली परीक्षा दी है और अपने मार्क्स में सुधार करना चाहते हैं तो वह निर्धारित तिथि से पहले रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
कब तक आएगा सीबीएसई 10वीं का रिजल्ट
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा दसवीं के रिजल्ट की तैयारी शुरू मानी जा रही है बोर्ड द्वारा दूसरी परीक्षा भी आयोजित कराई जाएगी ऐसे में सीबीएसई बोर्ड 10वीं परीक्षा का रिजल्ट पुराने ट्रेंड के अनुसार ना जाकर पहले जारी किया जा सकता है हालांकि बोर्ड द्वारा रिजल्ट जारी करने की आधिकारिक घोषणा तो नहीं की गई है लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सीबीएसई 10वीं का रिजल्ट मध्य अप्रैल में जारी किया जा सकता है।







